बाबा भूमणशाह धाम में श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर निकाली भव्य प्रभात फेरी
MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
श्री गुरु नानक देव जी महाराज के पावन प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में ग्राम बाबा भूमणशाह (संगर साधा), सिरसा में परम पूज्य गुरु बाबा ब्रह्मदास महाराज के पावन सान्निध्य में भव्य प्रभात फेरी का आयोजन बड़े ही श्रद्धा, उल्लास एवं धार्मिक उत्साह के साथ किया गया। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में साध-संगत ने भाग लेकर गुरु महाराज के प्रति अपनी अटूट आस्था और श्रद्धा का परिचय दिया। पूरा क्षेत्र गुरु नानक देव जी महाराज की महिमा और गुरबाणी के मधुर स्वर से भक्तिमय हो उठा। प्रभात फेरी के दौरान फूलों से सजी सुंदर पालकी साहिब विशेष आकर्षण का केंद्र रही। गुरबाणी की मधुर धुनों के बीच श्रद्धालु सतनाम श्री वाहेगुरु का जाप करते हुए गुरु महिमा का गुणगान कर रहे थे। चारों ओर गूंजते जयकारों और श्रद्धालुओं की भक्ति भावना ने वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।
संगत ने पूरे उत्साह के साथ प्रभात फेरी में सहभागिता निभाई और गुरु चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद अखंड पाठ का भोग डाला गया। इस अवसर पर मुख्य धाम बाबा भूमणशाह के गद्दीनशीन संत बाबा ब्रह्मदास महाराज ने अपने प्रवचनों में कहा कि गुरु नानक देव जी ने संपूर्ण मानवता को एकता, प्रेम, समानता, भाईचारे और सद्भावना का संदेश दिया। उन्होंने जाति-पाति, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर सभी मनुष्यों को समान दृष्टि से देखने की प्रेरणा दी। उनका जीवन मानव सेवा, परोपकार और सत्य के मार्ग पर चलने की अनुपम मिसाल है।
उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी महाराज की शिक्षाओं में नाम जपो, किरत करो और वंड छको का संदेश विशेष महत्व रखता है। ये सिद्धांत मनुष्य को ईश्वर के प्रति समर्पित रहने, ईमानदारी से मेहनत करने और अपनी कमाई में से जरूरतमंदों के साथ बांटकर खाने की प्रेरणा देते हैं। गुरु साहिब का संदेश आज भी समाज में प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रभात फेरी के दौरान साध-संगत ने गुरबाणी का गुणगान करते हुए गुरु महाराज के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की। इस अवसर पर गुरु बाबा ब्रह्मदास महाराज के सान्निध्य में समस्त संगत ने श्री गुरु नानक देव जी महाराज के बताए मार्ग पर चलने तथा मानवता की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया।
फोटो:
