शिवरात्रि पर खाटू श्याम धाम में सजेगा भक्ति का भव्य दरबार, कोलकाता के फूलों से महकेगा शिवालय, विद्युत सज्जा से जगमगाएगा मंदिर परिसर
mahendra india news, new delhi
शिवरात्रि महापर्व के अवसर पर 11 अगस्त 2026 को रानिया रोड स्थित खाटू श्याम धाम में श्याम परिवार ट्रस्ट की ओर से भव्य धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। सुबह 6 बजे से प्रारंभ होकर रात्रि तक चलने वाले कार्यक्रमों के दौरान 24 घंटे का अखंड जलाभिषेक होगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे। मंदिर के सदस्य दीपेश गोयल ने बताया कि इस बार शिवरात्रि महोत्सव को विशेष रूप से भव्य स्वरूप दिया जा रहा है।
शिवालय को कोलकाता से मंगवाए गए आकर्षक फूलों से सजाया जाएगा, जबकि पूरे मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी विद्युत लड़ियों और मनमोहक रोशनी से जगमगाया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को अलौकिक और भक्तिमय वातावरण का अनुभव होगा। उन्होंने बताया कि भगवान भोलेनाथ की भव्य महाआरती, प्रसाद वितरण तथा ठंडाई प्रसाद की व्यवस्था रहेगी।
रात्रि के चारों प्रहर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष रुद्राभिषेक कराया जाएगा। रुद्राभिषेक करवाने के इच्छुक श्रद्धालु मंदिर परिसर में पंडित जी से संपर्क कर अपना नाम दर्ज करवा सकते हैं। दीपेश गोयल ने सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार कार्यक्रम में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने तथा इस भव्य धार्मिक आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की।
