सिरसा में भजन-कीर्तन के साथ निकलेगी प्रभात फेरी, धूमधाम से मनाया जाएगा वार्षिक उत्सव
mahendra india news, new delhi
दुर्लभ सत्संग प्रभात फेरी संघ ट्रस्ट की ओर से 15 नवंबर 2026 को भव्य प्रभात फेरी एवं वार्षिक उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ ट्रस्ट के प्रधान सज्जन भांभू की अध्यक्षता में मनाया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन को लेकर ट्रस्ट की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। प्रभात फेरी के माध्यम से शहर में भक्ति और आध्यात्मिकता का संदेश दिया जाएगा। ट्रस्ट महिला विंग सदस्य शिवा गुप्ता ने बताया कि 15 नवंबर को सुबह 6 बजे भव्य प्रभात फेरी रवाना होगी।
इसके बाद सुबह 8:15 बजे से 9:30 बजे तक कीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अनिल गनेरीवाला चेयरमैन महाराजा अग्रसैन चैरिटेबल ट्रस्ट, सिरसा द्वारा भजन-कीर्तन किए जाएंगे। इसके उपरांत सुबह 10 बजे से 11 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए लंगर प्रसाद की व्यवस्था रहेगी।

कार्यक्रम का आयोजन सत्संग हॉल, गली नंबर 8, हरि विष्णु कॉलोनी, कंगनपुर रोड, सिरसा में किया जाएगा। एडवोकेट रजनीश बंसल ने बताया कि प्रभात फेरी पिछले 4 सालों से लगातार चल रही है, जिसका मुख्य उद्देश्य लोगों को धार्मिक एवं आध्यात्मिक विचारों से जोड़ना तथा समाज में प्रेम, सद्भावना और भाईचारे की भावना को मजबूत करना है। प्रभात फेरी के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के भजनों और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बनेगा। ऐसे धार्मिक आयोजन मनुष्य को सकारात्मक सोच अपनाने और अपने जीवन में अच्छे संस्कारों को स्थान देने की प्रेरणा देते हैं। ट्रस्ट की ओर से शहरवासियों और धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रभात फेरी एवं वार्षिक उत्सव में भाग लें और धार्मिक आयोजन की शोभा बढ़ाएं।
