सिरसा के पन्नीवाला मोटा गांव में शिवमय हुआ माहौल, साध्वी गौरी भारती ने बताया शिव कथा का महत्व
MAHENDRA INDAI NEWS, NEW DELHI
दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान की ओर से सिरसा जिले के गांव पन्नीवाला मोटा स्थित श्री कृष्ण गौशाला में पांच दिवसीय भगवान शिव कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कथा का शुभारंभ गांव की सरपंच मंजू बाला ने ज्योति प्रज्वलित कर किया। कथा व्यास साध्वी गौरी भारती श्रद्धालुओं को भगवान शिव की महिमा, उनकी दिव्य लीलाओं और आध्यात्मिक संदेशों से अवगत करवा रही हैं। कथा का समय प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक निर्धारित किया गया है।
साध्वी गौरी भारती ने भगवान शिव की महिमा का वर्णन करते हुए बताया कि शिव कथा केवल धार्मिक प्रसंगों का वर्णन नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा प्रदान करने का दिव्य माध्यम है। भगवान शिव का जीवन त्याग, तपस्या, करुणा, प्रेम और परोपकार की महान शिक्षा देता है। उन्होंने बताया कि शिव कथा का श्रवण मनुष्य के अंतर्मन को शांति प्रदान करने के साथ-साथ उसे अहंकार, मोह और विकारों से ऊपर उठकर आध्यात्मिक मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
भगवान शिव का संदेश है कि सच्ची भक्ति बाहरी आडंबर में नहीं, बल्कि निर्मल हृदय और आत्मिक चेतना में निहित है। दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा आयोजित यह पांच दिवसीय भगवान शिव कथा श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त करने और भगवान शिव की महिमा को समझने का विशेष अवसर बन रही है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गांव की सरपंच मंजू बाला, प्रदीप कुमार (सरपंच प्रतिनिधि), गंगा राम ढाका तथा प्रेम गोदारा (प्रधान, श्री कृष्ण गौशाला) भी मौजूद रहे।
