खाटू श्याम धाम में तीज पर्व पर सजेगा आस्था और उल्लास का रंग, हरियाली तीज एवं श्री श्याम झूला महोत्सव का होगा भव्य आयोजन
mahendra india news, new delhi
सिरसा। रानियां रोड स्थित श्री खाटू श्याम धाम में श्री श्याम परिवार ट्रस्ट के तत्वावधान में 15 अगस्त 2026 को हरियाली तीज महोत्सव एवं श्री श्याम झूला महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक उल्लास और पारिवारिक मनोरंजन से भरपूर इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
मंदिर परिवार के सदस्य दीपेश गोयल ने बताया कि हरियाली तीज के पावन अवसर पर बाबा श्याम को आकर्षक भाव-झूले पर विराजमान किया जाएगा। श्रद्धालु अपने हाथों से बाबा के झूले को झुलाकर उनका आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। इस अवसर पर मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों, मनमोहक श्रृंगार और आकर्षक विद्युत सजावट से भव्य रूप दिया जाएगा, जिससे पूरा धाम भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा। उन्होंने बताया कि महोत्सव में आने वाली महिला श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क मेहंदी, तंबोला प्रतियोगिता एवं आकर्षक उपहारों की व्यवस्था की गई है।
बच्चों के लिए विशेष झूले और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियां आयोजित होंगी। इसके साथ ही बाबा श्याम के मधुर एवं सुमधुर भजनों की संगीतमय प्रस्तुति भी होगी, जिसमें श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर बाबा का गुणगान करेंगे। तंबोला विजेताओं के साथ-साथ मंदिर परिवार के सदस्यों को भी विशेष उपहार देकर सम्मानित किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों की विशेष स्टॉल भी लगाई जाएंगी, ताकि परिवार सहित आने वाले भक्त धार्मिक आयोजन के साथ उत्सव का भी भरपूर आनंद उठा सकें।
आयोजन में मुख्य आकर्षण श्रद्धालुओं द्वारा बाबा श्याम को झूला झुलाकर आशीर्वाद लेना, बाबा श्याम के मधुर भजनों की संगीतमय प्रस्तुति, फूलों एवं आकर्षक विद्युत रोशनी की भव्य सजावट, महिलाओं के लिए नि:शुल्क मेहंदी एवं तंबोला प्रतियोगिता, बच्चों के लिए विशेष झूले एवं मनोरंजक गतिविधियां, विजेताओं एवं मंदिर परिवार के लिए आकर्षक उपहार, स्वादिष्ट व्यंजनों की विशेष स्टॉल और प्रवेश पूर्णत: नि:शुल्क रहेगा। श्री श्याम परिवार ट्रस्ट ने सभी श्याम भक्तों एवं शहरवासियों से सपरिवार उपस्थित होकर इस भव्य हरियाली तीज एवं श्री श्याम झूला महोत्सव की शोभा बढ़ाने का आग्रह किया है।
