आध्यात्मिक शिक्षा से होगा स्वर्णिम भारत का निर्माण, सिरसा में ब्रह्माकुमारीज़ का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित
MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
ब्रह्माकुारीज़ के स्थानीय सेवाकेन्द्र आनन्द सरोवर, हिसार रोड पर संस्था के शिक्षा प्रभाग द्वारा -- आधुनिक युग में आध्यात्मिक शिक्षा द्वारा स्वर्णिम भारत की ओर -- विषय पर एक राष्ट्रीय सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया जिसमें वर्तमान शिक्षा प्रणाली में आध्यात्म की महत्ता को उजागर कर नैतिक मूल्यों और श्रेष्ठ संस्कारों से एक सशक्त, समृद्ध एवं स्वर्णिम भारत के निर्माण के लिए समाज में जागरूकता फैलाने पर मंथन किया गया।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवी संघ के नोर्थर्न रीजनल एक्जि़क्युटिव कमेटी के वरिष्ठ सदस्य श्री सीताराम व्यास जी ने अपने उदबोधन में सभा को अपने परिवारों में आध्यात्म का वातावरण बनाने की प्रेरणा दी ताकि हमारी युवा पीढ़ी संस्कारवान और चरित्रवान हो सके और भारतीय संस्कृति का मुख्य सन्देश, वसुधैव कुटुम्बकम की भावना का भी विकास हा । उन्होंने बच्चों की विचारधारा पर चिन्ता व्यक्त करते हुए कहा कि आज युवाओं में मौज मस्ती का अर्थ अभद्रता, दुराचार और भ्रष्टाचार बन गया है, इस मानसिकता का बदलाव समय रहते करना हर मात-पिता का प्राथमिक लक्ष्य होना चाहिए और यह कार्य आध्यात्म की शक्ति से ही सम्भव है।

चौ.देवीलाल विश्व विद्यालय के कुलगुरू डा. विजय कुमार जी ने भी इस मौके सभा को मानवीय मूल्यों के प्रति संवेदनशील होने का सन्देश दिया और कहा कि हम अपने बच्चों के सम्पूर्ण व्यक्तित्व विकास के लिए उन्हें धार्मिक स्थ्लों का भ्रमण अवश्य कराएं ताकि उनके भीतर सकारात्मक उर्जा प्रवाहित हो और अपने देश की संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना जागृत हो।
संस्था के मुख्यालय माउंट आबू से पधारी प्रभाग की राष्ट्रीय संयोजिका राजयोगिनी सुमन दीदी ने शिक्षा का अर्थ बताते हुए कहा कि व्यवहारिक जीवन में कर्म करने की समझ, परिस्थितियों, व्यक्तियों की परख और आपसी सम्बधों में सदभाव ही वास्तविक शिक्षा है जिसके लिए संस्था स्कूलों, कालेजों तथा विश्वविद्यालयों में अनेक प्रकार के पाठ्यक्रमों, कार्यशालाओं एवं सेमीनार आदि के द्वारा बच्चों तथा युवाओं में सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के कार्य में निरन्तर प्रयासरत है।
इस मौके उपस्थित हुए प्रभाग के पंजाब जोन के जोनल कोर्डिनेटर राजयोगी मदन जी ने कहा कि मात्र डिगरी प्राप्त करके किसी बड़े मुकाम को हासिल कर लेना सम्पूर्ण सफलता नहीं है। इसके लिए अन्तर्मन की प्रयोगशाला में बैठकर स्वयंनिरीक्षण करके विचारवान बनने की आवश्यकता है।

राजयोगिनी बिन्दू बहन जी ने भी इस अवसर पर आशीवर्चन देते हुए आध्यात्मिक शिक्षा को जीवन का अभिन्न अंग बनाने की प्रेरणा दी और कहा कि परिवर्तन के लिए किसी पर भी दोषारोपण करने की बजाय हम अपनी आध्यात्मिक यात्रा को नियमित और निरन्तर बनाएं और समाजिक जिम्मेवारियों के प्रति सजग बनें।
सेल्फी विद डॉटर फाउंडेशन के संस्थापक श्री सुनील जागलान जी ने कहा कि शिक्षा मात्र सूचना न हो बल्कि यह हमारे भीतर भावनात्मक दृष्टिकोण को विकसित करे, इसी से हमारी भावी पीढ़ी में आपसी सदभाव और सहयोग की भावना जागृत हो सकती है।
जयपुर से पधारी बी के चित्रा बहन जी ने मेडिटेशन का सुन्दर अभ्यास कराया और संस्था द्वारा अनेको शिक्षा संस्थानों में चलाई जा रही थॉट लैब से हो रहे सुखद परिणामों की जानकारी दी।
