home page

सिरसा में 4 दिवसीय छठ महापर्व शुरू, 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य समारोह में पहुंचेंगे विधायक गोकुल सेतिया

 | 
The four-day Chhath Mahaparv has begun in Sirsa; MLA Gokul Setia will attend the evening 'arghya' (offering) ceremony on November 15

MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
जय मां सरस्वती सेवा समिति (रजि.) सिरसा की ओर से आयोजित 18वें विशाल छठ पूजन समारोह का शुभारंभ समिति के संस्थापक मुन्ना गुप्ता की अध्यक्षता में शुक्रवार को नहाय-खाय की परंपरा के साथ श्रद्धा एवं उत्साहपूर्वक हो गया। चार दिवसीय छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। समिति की ओर से आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। समिति के प्रधान महेंद्र कुमार ने बताया कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति और आस्था का महत्वपूर्ण पर्व है, जिसमें सूर्य देव एवं छठी मैया की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की जाती है।

पर्व की परंपरा के अनुसार 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य तथा 16 नवंबर को प्रात:कालीन सूर्य अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्य समारोह का आयोजन 15 नवंबर, रविवार को सायं 3:15 बजे हिसार रोड स्थित दिल्ली पुल, सिरसा पर किया जाएगा। कार्यक्रम में सिरसा के विधायक गोकुल सेतिया मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि वरिष्ठ भाजपा नेता एवं जय मां सरस्वती सेवा समिति के संरक्षक प्रो. दयानंद शर्मा समारोह की अध्यक्षता करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में युवा कांग्रेस नेता एवं समाजसेवी कर्ण चावला तथा वार्ड नंबर 16 के पार्षद रणधीर सिंह (धीरू) उपस्थित रहेंगे। छठ महोत्सव के अवसर पर भव्य भजन संध्या का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायक प्रमोद अकेला एवं अमरेश भोजपुरिया अपनी मधुर वाणी से छठी मैया और भगवान सूर्य देव की महिमा का गुणगान करेंगे।

भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में पूर्वांचल समाज सहित शहर के श्रद्धालु भाग लेकर पूजा-अर्चना करेंगे और छठी मैया का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। समिति प्रधान महेंद्र कुमार ने बताया कि छठ पर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, स्वच्छता, अनुशासन और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का भी पर्व है। समिति का प्रयास है कि हर वर्ष की भांति इस बार भी आयोजन को भव्य एवं यादगार बनाया जाए। उन्होंने समस्त शहरवासियों और धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर सचिव राम शरण, कोषाध्यक्ष देवेंद्र कुमार, परशुराम यादव, राजकुमार पासवान, चंद्र देव यादव, आनंद देवदास, अशोक सैनी, राजू प्रसाद, उमेश चंद शुक्ला, बसंत यादव, कपिल देव, सुभाष सिंह, रविंद्र सिंह, प्रमोद दास, अर्जुन प्रसाद, विजय कुमार सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे।

WhatsApp Group Join Now