home page

शाह सतनाम जी कॉलेज ऑफ एजुकेशन की पहल, विद्यार्थियों को बताई संविधान निर्माण की ऐतिहासिक कहानी

 | 
An initiative by Shah Satnam Ji College of Education: students learn the historic story of the Constitution's creation

mahendra india news, new delhi
संविधान दिवस के उपलक्ष्य में शाह सतनाम जी कॉलेज आॅफ एजुकेशन सिरसा की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मेला ग्राउंड में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मीनाक्षी के दिशा-निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, उसके निर्माण के इतिहास तथा नागरिकों के मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम का मंच संचालन छात्र अध्यापिका अर्ज ने किया। छात्र अध्यापिका स्नेहा ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन करवाते हुए न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे संवैधानिक आदर्शों से विद्यार्थियों को परिचित कराया।

वहीं अंश ने विद्यार्थियों से संविधान से संबंधित प्रश्न पूछकर उनकी जानकारी को परखा। निहारिका ने कविता के माध्यम से संविधान एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपने विचार व्यक्त किए। इसके बाद छात्र अध्यापिका राजकुमारी ने भारतीय संविधान के निर्माण के ऐतिहासिक सफर पर प्रकाश डाला। उन्होंने संविधान सभा की भूमिका, संविधान निर्माण की प्रक्रिया और संविधान के लागू होने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह संविधान में निहित मूल्यों का सम्मान करे और अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी ईमानदारी से निर्वहन करे। डॉ. मीनाक्षी के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम विद्यार्थियों में संवैधानिक जागरूकता, राष्ट्रीय एकता, लोकतांत्रिक चेतना और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने की दिशा में सराहनीय प्रयास रहा।