home page

नाथूसरी चौपटा के दयानंद स्कूल ने रचा इतिहास, सीबीएसई नेशनल वॉलीबॉल में अंडर-14 टीम बनी राष्ट्रीय चैंपियन

 | 
news

mahendra india news, new delhi
सिरसा जिले के नाथूसरी चौपटा स्थित दयानंद स्कूल के खिलाडय़िों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के सनवारा स्थित कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल (केआईपीएस) में 30 अक्टूबर से 3 नवंबर 2026 तक आयोजित सीबीएसई नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में विद्यालय की अंडर-14 बॉयज टीम ने राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

प्रतियोगिता में भारत, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और ओमान की क्वालीफाई करके पहुंची कुल 24 टीमों ने भाग लिया। दयानंद स्कूल की टीम ने शुरुआत से ही शानदार खेल दिखाया और पूल मुकाबलों से लेकर फाइनल तक एक भी मैच नहीं गंवाया। टीम ने अपने सभी मुकाबले जीतकर अपराजित रहते हुए राष्ट्रीय स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

फाइनल में आंध्र प्रदेश की टीम को 3-0 से हराया
दयानंद स्कूल की अंडर-14 टीम ने पूल मुकाबलों में लगातार जीत दर्ज कर नॉकआउट चरण में जगह बनाई। क्वार्टर फाइनल में टीम ने संयुक्त अरब अमीरात की वाइज इंडियन एकेडमी को हराया। इसके बाद सेमीफाइनल में उत्तर प्रदेश की कदम पब्लिक स्कूल को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।

खिताबी मुकाबले में दयानंद स्कूल का सामना आंध्र प्रदेश की हील पब्लिक स्कूल से हुआ। पांच सेटों के प्रारूप में खेले गए इस मुकाबले में दयानंद स्कूल के खिलाडय़िों ने शानदार तालमेल, आक्रामक खेल और बेहतरीन रणनीति का प्रदर्शन किया। टीम ने लगातार तीन सेट जीतकर मुकाबला 3-0 से अपने नाम कर लिया। पहले सेट में 25-15, दूसरे सेट में 25-21 और तीसरे सेट में 25-18 के स्कोर से जीत दर्ज कर राष्ट्रीय खिताब हासिल किया।

इन 10 खिलाडय़िों ने दिलाया स्वर्ण पदक
राष्ट्रीय चैंपियन बनी दयानंद स्कूल की अंडर-14 टीम में दस खिलाड़ी शामिल रहे। इनमें दुष्यंत (कक्षा सातवीं), पराग (कक्षा आठवीं), रक्षम ढिल्लों (कक्षा सातवीं), नवीन जांगड़ा (कक्षा सातवीं), दीपांशु (कक्षा छठी), हर्षित (कक्षा सातवीं), हिमांशु (कक्षा सातवीं), रौनक (कक्षा नौवीं), निखिल (कक्षा नौवीं) और अभिजीत (कक्षा नौवीं) शामिल हैं।

विशेष बात यह रही कि विजेता टीम में छठी से नौवीं कक्षा तक के विद्यार्थी शामिल थे। इन युवा खिलाडय़िों ने मेहनत, लगन, अनुशासन और टीम भावना के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि हासिल की।

अंडर-19 टीम ने भी सेमीफाइनल तक बनाई जगह

विद्यालय की अंडर-19 वॉलीबॉल टीम ने भी सीबीएसई नेशनल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया था। इस टीम ने अपने पूल मुकाबलों में यूएई, उत्तर प्रदेश और राजस्थान की टीमों को हराकर शानदार प्रदर्शन किया और सेमीफाइनल तक का सफर तय किया। हालांकि सेमीफाइनल में दिल्ली की टीम से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अंतिम चार टीमों तक पहुंचना भी विद्यालय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि रही।

इस तरह विद्यालय की दोनों आयु वर्गों की टीमों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और अंडर-14 टीम ने चैंपियन बनकर इतिहास रच दिया।

चेयरमैन, डायरेक्टर और प्रिंसिपल ने दी बधाई
इस ऐतिहासिक सफलता पर दयानंद स्कूल के चेयरमैन भरत सिंह कासनिया, डायरेक्टर विजेंद्र गोदारा और प्रिंसिपल शिखा गोदारा ने विजेता खिलाडय़िों, उनके अभिभावकों और प्रशिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि खिलाडय़िों के कठिन परिश्रम, नियमित अभ्यास, अनुशासन, सामूहिक प्रयास और प्रशिक्षकों के सही मार्गदर्शन का परिणाम है। विद्यालय में पढ़ाई के साथ खेलों को भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। विद्यार्थियों को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने के अवसर उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जाते हैं।

प्रशिक्षकों और मेंटर का रहा विशेष योगदान
टीम की इस सफलता में प्रशिक्षक विकास, नरेश और प्रकाश सुथार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने खिलाडय़िों को प्रतियोगिता के लिए तैयार करने में निरंतर मेहनत की। विद्यालय प्रबंधन ने टीम के मेंटर मुकेश कासनिया के मार्गदर्शन, प्रेरणा और सहयोग की भी सराहना की।

दयानंद स्कूल की इस उपलब्धि से पूरे सिरसा क्षेत्र में खुशी का माहौल है। टीम की जीत ने साबित किया है कि छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी भी उचित प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और दृढ़ संकल्प के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। विद्यालय परिवार ने सभी खिलाडय़िों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।