कालांवाली मैराथन में दौड़ेगा जोश, हरियाणवी गायक रॉकस्टार एमडी की लाइव प्रस्तुति बनेगी खास आकर्षण, ओलंपियन सरदार सिंह होंगे कालांवाली यूथ मैराथन के ब्रांड एंबेसडर
| Nov 19, 2026, 19:21 IST
mahendra india news, new delhi
कालांवाली में 22 नवंबर को आयोजित होने वाली यूथ मैराथन में इस बार जोश, जुनून और संगीत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। सुबह 6 बजे शुरू होने वाले इस आयोजन में जहां हजारों युवा फिटनेस और खेल भावना के साथ दौड़ लगाते नजर आएंगे, वहीं हरियाणवी गायक रॉकस्टार एमडी अपनी शानदार संगीत प्रस्तुति से माहौल को जोश और उमंग से भरेंगे। मैराथन में खेल गतिविधियों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी विशेष महत्व दिया गया है, जिससे यह आयोजन युवाओं के लिए यादगार अनुभव बनेगा। रॉकस्टार एमडी की लाइव प्रस्तुति कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेगी। उनकी गायकी युवाओं में नया उत्साह और ऊर्जा भरेगी।
मैराथन को केवल दौड़ तक सीमित न रखते हुए इसे युवाओं के लिए एक बड़े उत्सव का रूप दिया जा रहा है, जहां फिटनेस, मनोरंजन और सकारात्मक सोच का संदेश एक साथ दिया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना तथा नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भी युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों की ओर आकर्षित किया जाएगा।
ओलंपियन सरदार सिंह होंगे कालांवाली यूथ मैराथन के ब्रांड एंबेसडर, युवाओं को देंगे खेल और फिटनेस का संदेश
भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान एवं पद्मश्री से सम्मानित सरदार सिंह 22 नवंबर को कालांवाली मैराथन में होंगे शामिल
कालांवाली में 22 नवंबर को आयोजित होने वाली यूथ मैराथन के लिए भारतीय हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी एवं पूर्व भारतीय कप्तान सरदार सिंह को मैराथन का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। अंतरराष्ट्रीय हॉकी में देश का नाम रोशन करने वाले सरदार सिंह इस मैराथन के माध्यम से युवाओं को खेलों से जुड़ने, शारीरिक रूप से फिट रहने और नशे से दूर रहकर सकारात्मक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे। उनका इस आयोजन से जुड़ना कालांवाली यूथ मैराथन के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
सरदार सिंह भारतीय हॉकी टीम के सबसे चर्चित खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2008 में महज 22 वर्ष की उम्र में भारतीय टीम की कप्तानी संभाली थी और इस उपलब्धि के साथ वे भारतीय टीम की कप्तानी करने वाले सबसे युवा खिलाड़ियों में शामिल हुए। अपने शानदार खेल, नेतृत्व क्षमता और मैदान पर बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान बनाई। वर्ष 2014 के एशियाई खेलों में भारतीय हॉकी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में भी उनकी अहम भूमिका रही।
हॉकी के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें वर्ष 2012 में अर्जुन पुरस्कार और वर्ष 2015 में देश के प्रतिष्ठित पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया। वर्ष 2017 में उन्हें देश के सर्वोच्च खेल सम्मान मेजर ध्यानचंद खेल रत्न से भी सम्मानित किया गया। उनका खेल जीवन अनुशासन, मेहनत, समर्पण और निरंतर संघर्ष की प्रेरणादायक मिसाल है।
कालांवाली में आयोजित होने वाली यूथ मैराथन का प्रमुख उद्देश्य युवाओं को खेल एवं शारीरिक गतिविधियों से जोड़ना और नशे के खिलाफ सामाजिक जागरूकता पैदा करना है। सरदार सिंह जैसे अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त खिलाड़ी का ब्रांड एंबेसडर के रूप में जुड़ना युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। उनकी उपस्थिति से मैराथन को नई पहचान मिलने के साथ खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में भी उत्साह बढ़ने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि 22 नवंबर को होने वाली इस मैराथन में अब तक 1,26,214 प्रतिभागी पंजीकरण करवा चुके हैं। जिला प्रशासन द्वारा आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
