साइबर अपराधों से कैसे बचें? CDLU में एथिकल हैकर सचिन सोनी ने विद्यार्थियों को किया जागरूक
mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के यूनिवर्सिटी स्कूल फॉर ग्रेजुएट स्टडीज के कंप्यूटर साइंस विभाग द्वारा विश्वविद्यालय के डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम भवन में स्थित सेमिनार हॉल में विद्यार्थियों के लिए "साइबर अपराध सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा के व्यावहारिक पहलू" विषय पर विस्तार व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक डिजिटल तकनीकों के सुरक्षित उपयोग तथा साइबर सुरक्षा के व्यावहारिक पहलुओं से परिचित करवाना था, ताकि वे डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय संभावित साइबर खतरों के प्रति सतर्क रह सकें।
इस अवसर पर हरियाणा पुलिस की साइबर सेल, सिरसा में कार्यरत साइबर अपराध अन्वेषक एवं प्रमाणित एथिकल हैकर सचिन सोनी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों तथा उनसे बचाव के व्यावहारिक तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान डिजिटल युग में इंटरनेट और ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग बढ़ने के साथ साइबर अपराधों की चुनौतियां भी बढ़ रही हैं। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति के लिए साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक होना आवश्यक है। व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया सुरक्षा, ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन में सावधानियां, व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा तथा साइबर अपराधों से बचाव के विभिन्न उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का समन्वय विभाग की प्राध्यापक सुमन कुमारी ने किया, जबकि नवनीत कौर एवं मीनाक्षी अरोड़ा ने सह-समन्वयक के रूप में जिम्मेदारी निभाई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. प्रतीक सिंह, डॉ. साक्षी शर्मा, नीलम, पूजा बराड़ एवं सुरुचि ने सहयोग किया। इस विस्तार व्याख्यान में यूएसजीएस के बीसीए एवं बीएससी डेटा साइंस के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
