योग के राज्य स्तरीय मंच पर संत कबीर इंटरनेशनल स्कूल का फिर बजा डंका, पूजा और वसुंधरा ने रचा शानदार इतिहास
MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
लॉर्ड शिवा कॉलेज ऑफ फार्मेसी, सिविल अस्पताल के नजदीक, सिरसा में 42वीं सब-जूनियर एवं जूनियर हरियाणा स्टेट योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन जिला योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन, सिरसा द्वारा हरियाणा स्टेट योग एसोसिएशन के तत्वावधान में तथा योग फेडरेशन ऑफ इंडिया से संबद्धता के अंतर्गत किया गया।
हरियाणा के विभिन्न जिलों एवं विद्यालयों से पहुंचे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बीच संत कबीर इंटरनेशनल स्कूल, नाथूसरी चौपटा के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर राज्य स्तर पर विद्यालय का नाम रोशन किया।
16 से 18 आयु वर्ग के आर्टिस्टिक सोलो में छात्रा पूजा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टॉप-6 में स्थान बनाया। वहीं 10 से 12 आयु वर्ग के आर्टिस्टिक सोलो में छात्रा वसुंधरा ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप-6 में जगह बनाकर विद्यालय को गौरवान्वित किया।
इस उपलब्धि पर उपप्रधानाचार्या सुनीता (रिया फुतेला) एवं प्रधानाचार्य अंबेडकर ने दोनों छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
विद्यालय प्रबंधन ने योग शिक्षिका ममता की मेहनत, समर्पण एवं कुशल मार्गदर्शन की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता नियमित अभ्यास, अनुशासन, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है।
विद्यालय परिवार ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए भविष्य में और ऊंची उपलब्धियां हासिल करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
