NCC ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर राम नरेश ने किया रॉयल इंटरनेशनल रेजिडेंशियल स्कूल एवं सैनिक स्कूल खारा खेड़ी का दौरा
mahendra india news, new delhi
रॉयल इंटरनेशनल रेजिडेंशियल स्कूल एवं सैनिक स्कूल खारा खेड़ी में एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, रोहतक के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर राम नरेश ने दौरा कर विद्यार्थियों एवं एनसीसी कैडेट्स का मार्गदर्शन किया। विद्यालय पहुंचने पर सैनिक स्कूल खारा खेड़ी के कमांडेंट कर्नल (डॉ.) डी.वी. नेहरा (रिटायर्ड) तथा 3 हरियाणा बटालियन एनसीसी, हिसार के एडम ऑफिसर कर्नल रामकिशन दत्त ने उनका हार्दिक स्वागत किया।

इस अवसर पर सैनिक स्कूल के कमांडेंट ने ब्रिगेडियर राम नरेश से ड्रिल प्रशिक्षक सूबेदार देवेंद्र सिंह (रिटायर्ड), सेकंड ऑफिसर पूनम बिश्नोई, एएनओ रॉयल स्कूल, सेकंड ऑफिसर किरण, एएनओ सैनिक स्कूल तथा एनसीसी केयरटेकर रश्मि का परिचय करवाया।

दौरे के दौरान ब्रिगेडियर राम नरेश ने सर्वप्रथम रॉयल इंटरनेशनल रेजिडेंशियल स्कूल की कक्षा आठवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों एवं एनसीसी कैडेट्स को संबोधित किया। इसके पश्चात उन्होंने सैनिक स्कूल के सभी कैडेट्स से संवाद किया। कैडेट्स को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि लक्ष्य की प्राप्ति के लिए पूर्ण एकाग्रता, दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। यदि जीवन में वास्तव में सफल होना है तो अपने संकल्प का कोई विकल्प नहीं होना चाहिए। उन्होंने “संकल्प से ही सिद्धि” को सफलता का मूल मंत्र बताते हुए कैडेट्स को अपने निर्धारित लक्ष्य के प्रति पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
ब्रिगेडियर राम नरेश ने कहा कि सैनिक स्कूल में कैडेट्स के सर्वांगीण विकास के लिए उत्कृष्ट एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसलिए कैडेट्स को इन सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाते हुए अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को हर प्रकार के नशे से दूर रहने की सलाह दी और इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों एवं कैडेट्स को नशामुक्त जीवन जीने की शपथ भी दिलवाई।

इसके पश्चात ब्रिगेडियर राम नरेश की धर्मपत्नी श्रीमती सुनीता गहलावत, जो प्रमुख शिक्षाविद एवं समाजसेविका हैं, ने सैनिक स्कूल की गर्ल्स कैडेट्स से संवाद किया। उन्होंने लैंगिक संवेदनशीलता से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने गर्ल्स कैडेट्स को प्रेरित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक क्षेत्र में लड़कियों के लिए आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने कैडेट्स का आह्वान किया कि वे सैनिक स्कूल में उपलब्ध शैक्षणिक, खेल एवं अन्य सभी सुविधाओं का भरपूर लाभ उठाते हुए जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करें।
विद्यालय की आंगतुक पुस्तिका में अपने अनुभव साझा करते हुए ब्रिगेडियर राम नरेश ने लिखा—
“हर क्षेत्र में उत्कृष्ट मानक, इसे इसी तरह बनाए रखें!”
अंतर सैनिक स्कूल गेम्स में सैनिक स्कूल खारा खेड़ी के धावकों का दबदबा
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रशासक श्री विक्रमादित्य ने ब्रिगेडियर राम नरेश को शॉल ओढ़ाकर एवं विद्यालय के लोगो वाली टोपी भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके प्रेरणादायी मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। विद्यालय के चेयरमैन डॉ. युद्धवीर सिंह एवं संचालिका डॉ. ज्योत्स्ना ने ग्रुप कमांडर के सफल दौरे पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रेरणादायी संवाद विद्यार्थियों एवं एनसीसी कैडेट्स में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रसेवा की भावना तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण को और मजबूत करते हैं। उन्होंने ब्रिगेडियर राम नरेश का विद्यालय परिवार की ओर से स्कूल में आने पर आभार व्यक्त किया।
