हरियाणा में होगी झमाझम बारिश, नया पश्चिमी विक्षोभ हुआ सक्रिय
Haryana Weather: हरियाणा में इन दिनों ठंड का असर हिमाचल से भी अधिक महसूस हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में ठंड और भी बढ़ने के आसार हैं, खासकर पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों पर साफ देखा जा रहा है। उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाएं ठिठुरन को बढ़ा रही हैं, और सुबह के समय कोहरा और ठंडी हवाएं चलने से रात के तापमान में गिरावट आई है।
आने वाले दिनों में बारिश की संभावना
मौसम वैज्ञानिक डॉ. चंद्र मोहन के अनुसार, उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि से ठंड बढ़ने की संभावना है। 4 जनवरी तक एनसीआर दिल्ली और हरियाणा के कई क्षेत्रों में घने कोहरे की संभावना जताई गई है। 4 जनवरी को एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आएगा, और बादल छाए रहेंगे।
इस दौरान, हरियाणा के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी और कोहरा देखने को मिल सकता है। 5-6 जनवरी को उत्तर-पूर्वी हरियाणा में कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
हिसार में शिमला से भी अधिक ठंड
आईएमडी चंडीगढ़ की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार को फरीदाबाद का अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस था, जबकि हिसार का न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि शिमला से भी अधिक था। पिछले 24 घंटों में शिमला का न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री और मनाली का 2.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
ठंड और कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग ने 10 शहरों में कोल्ड डे और घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। इन शहरों में सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, करनाल, पानीपत, भिवानी, जींद, पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर शामिल हैं।