शहीद भगत सिंह के परिवार को नहीं मिला उचित सम्मान, उनका गांव पाकिस्तान में चला गया धनखड़

mahendra india news, new delhi
हरियाणा के सिरसा जिले में ऐलनाबाद की अनाजमंडी में आयोजित 70 वां पन्ना प्रमुख सम्मेलन का आयोजन वीरवार को किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने भीड़ देखकर वरिष्ठ भाजपा नेता गोबिंद कांडा, उनकी टीम और कार्यकर्ताओं की पीठ थपथपाई। इस मंच से मिशन:2024 को लेकर कार्यकर्ताओं ने मंथन किया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करने से पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने सबसे पहले शहीद भगत सिंह, वीर सावरकर, ठाकुर रोशन सिंह और अन्य को याद करते हुए कहा कि आजादी इन शहीदों की बदौलत ही मिली है।
प्रदेशाध्यक्ष ओपी धनखड़ ने शहीद भगत सिंह, वीर सावरकर और ठाकुर रोशन सिंह को याद करते हुए कहा कि शहीदों को उचित सम्मान नहीं मिला जो मिलना चाहिए था। उन्होंने देश के बंटवारे के विरोधी दल को जमकर लताड़ा। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वह पीएम नरेंद्र मोदी के कार्य और उनकी नीतियों को जन जन तक पहुंचाएं। देश में हाल ही में लागू किया गया महिला आरक्षण बिल देश की महिलाओं के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने कहा था कि देश का विभाजन नहीं होना चाहिए अगर नेहरू चाहते तो देश का बंटवारा रूक सकता था। उन्होंने कहा कि वो कौन सी पार्टी थी जो कहा करती थी कि जम्मू कश्मीर से धारा 370 नहीं हट सकती और रामलला टेंट में विराजमान रहेंगे लेकिन अब वे देख रहे है कि धारा 370 भी हट गई और श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण भी हो रहा है।
उन्होंने कहा कि आज भारत चांद पर पहुंच गया, चंद्रयान-3 की सफलता पर पूरा विश्व भारत की ओर देख रहा है। देश में जी-20 सम्मेलन की सफलता पर हर नागरिक नाज कर रहा है, पूरे विश्व में इसकी सराहना हो रही है और भारत की वजह से ही अब यह जी-20 से जी-21 हो गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए कहा कि किसी भी पार्टी का कार्यकर्ता उस पार्टी के रीढ़ का हड्डी होता है, जिस प्रकार से ऐलनााबद में पन्ना प्रमुख सम्मेलन का सफल आयोजन हुआ है। उसके लिए ऐलनाबाद के सभी भाजपा कार्यकर्ता धन्यवाद के पात्र हैं।
इस मौके पर सांसद सुनीता दुग्गल ने भाजपा की नीतियों का गुणगान करते हुए कहा कि आज पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में देश में ही नहीं दूसरे देशों में भी अपनी अलग पहचान बना चुका है। मोदी ने देशवासियों को जो कहा वह कर दिखाया। देश में हाल ही में लागू किया गया महिला आरक्षण बिल देश की महिलाओं के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा।
वरिष्ठ भाजपा नेता गोबिंद कांडा ने प्रदेशाध्यक्ष और मंचासीन वरिष्ठ नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि ऐलनाबाद के पन्ना प्रमुख सम्मेलन ने एक इतिहास रच दिया है। इस क्षेत्र में 3382 पन्ना प्रमुख, 51 शक्ति केंद्र प्रमुख, 194 बूथ अध्यक्ष, 194 बूथ पालक और 194 बीएलए वन है। आज कार्यकर्ताओं के उमड़े सैलाब से साबित हो गया है कि मिशन-2024 क्लीयर है बावजूद इसके कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री की नीतियों और सरकार द्वारा करवाए गए जन कल्याण के कार्यो को जनजन तक पहुंचाना होगा। उन्होंने कहा कि पन्ना प्रमुख और कार्यकर्ताओं की कठिन मेहनत से आज भाजपा को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बना दिया है। सम्मेलन में मंच संचालन आदित्यदेवीलाल चौटाला और जसबीर सिंह चहल ने किया। अंत में गोबिंद कांडा ने प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ को श्रीराम दरबार भेंट किया। साथ ही अन्य अतिथियों का भी सम्मान किया गया।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ जैसे ही मंच पर पहुंचे तो कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय और वंदेमातरम के जयकारे लगाए। वरिष्ठ भाजपा नेता गोबिंद कांडा, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने धनखड़ का गर्मजोशी से स्वागत किया। फूलाहार पहनाकर सम्मान किया गया। इस दौरान सिरसा की सांसद सुनीता दुग्गल, जिला प्रभारी अमरपाल सिंह राणा, प्रदेश सचिव सुरेंद्र आर्य, जिला अध्यक्ष आदित्य देवीलाल चौटाला, पूर्व चेयरमैन जगदीश चोपडा, प्रदीप रातुसरिया, अमीरचंद मेहता आसीन थे। मौके पर जसबीर सिंह चहल, भूराराम डूडी, निताश सिहाग, योगेश कुमार, शमिंद्र कंबोज, रमेश भादू, पूर्व चेयरमैन रवि लढ़ा, देव प्रकाश शर्मा, ब्रहमानंद शर्मा, ईशू सिंगला, यतिंद्र सिंह, हरविंद कौर, राजेश कनवाडिया, धैर्य कांडा आदि मौजूद थे।