हरियाणा में आज आएंगे 12वीं कक्षा के नतीजे, 85 फीसद छात्रों के पास होने की संभावना

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा 12वीं कक्षा के नतीजे आज घोषित किए जाएंगे। बता दें कि तकनीकी कारणों से हुई देरी के बाद आज मंगलवार को रिजल्ट घोषित किए जाएंगे। इसका फैसला बोर्ड द्वारा आज लिया गया। सूत्रों के अनुसार इस बार भी बोर्ड का परीक्षा परिणाम 85 प्रतिशत तक आने की संभावना जताई जा रही है। परीक्षा परिणाम बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध होगा। परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी अपना हरियाणा बोर्ड रिजल्ट 2025 को bseh.org.in पर चेक कर सकेंगे।
आपको बता दें कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड प्रशासन सोमवार को 12वीं कक्षा का परिणाम जारी करने की तैयारियों में था। इसे लेकर शाम को 4 घंटे तक असमंजस की भी स्थिति रही। आखिकार रात्रि के करीब साढ़े आठ बजे परिणाम मंगलवार को घोषित करने का फैसला लिया गया।
इस बार भी छात्रों के लिए अच्छी खबर है कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी रिजल्ट बेहतर आने की संभावना है। सूत्र बताते हैं कि रिजल्ट 85 प्रतिशत के आसपास तक ही रह सकता है।
ये कारण रहा परिणाम आने में हुई देरी
आपको बता दें कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षाओं की फरवरी-मार्च माह में परीक्षा हुई। इस परीक्षा में करीबन 1434 परीक्षा केंद्रों पर करीब 5,22,529 परीक्षार्थी प्रविष्ठ हुए थे। इनमें 10वीं के करीब 2,93,746 और 12वीं में करीब 2,23,713 परीक्षार्थी शामिल हुए। परीक्षाओं के बाद उत्तर पुस्तिकाओं की जांच का कार्य शुरू हुआ।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष प्रो. डा. पवन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 12वीं कक्षा का रिजल्ट तैयार है। इस बार भी परिणाम बेहतर रहा है। मंगलवार सुबह परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।