हरियाणा, राजस्थान समेत अन्य प्रदेशों में ऐसा रहेगा मौसम, इन प्रदेशों में होगी बरसात

हरियाणा, राजस्थान समेत अन्य प्रदेशों में मौसम एक बार फिर से बदलने वाला है। हरियाणा के कृषि मौसम विज्ञान विभाग चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार ने मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। हरियाणा प्रदेश में 4 अप्रैल तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहने की उम्मीद है। इस दौरान बीच-बीच में हवाओं में बदलाव की संभावना है तथा उत्तरपश्चिमी व पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना से विशेषकर दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है । परंतु एक कमजोर पश्चिमीविक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 3 व 4 अप्रैल को वातावरण में नमी बढ़ने व बीच-बीच में आंशिक बादल तथा हल्की से मध्यम गति से हवाएं चलने की भी संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार एक (ट्रफ) ओडिशा के आंतरिक हिस्सों से लेकर कोमोरिन क्षेत्र तक फैली हुई है, जो मध्य छत्तीसगढ़, आंतरिक महाराष्ट्र, आंतरिक कर्नाटक और आंतरिक तमिलनाडु से होकर गुजर रही है। मध्य छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों पर एक चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) सक्रिय है। अंडमान सागर और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 1.5 से 5.8 किलोमीटर की ऊँचाई के बीच एक और चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। पूर्वोत्तर असम के ऊपर भी एक चक्रवाती परिसंचरण स्थित है।
मौसम की संभावित गतिविधि
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले अगले 24 घंटे के दौरान, अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बरसात और बर्फबारी जारी रहने की संभावना है। गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और लद्दाख के ऊपरी इलाकों में छिटपुट हल्की बरसात हो सकती है। उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान धीरे-धीरे बढ़ने की संभावना है।